पुणे में 11 साल के बेटे की हत्या करने वाली मां गिरफ्तार
मुंबई, 27 जनवरी । महाराष्ट्र के पुणे जिले के वाघोली इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते अपने बेटे साईराज संतोष जयभाई (11) की हत्या करने के आरोप में पुलिस आरोपित मां सोनी संतोष जयभाई को गिरफ्तार कर लिया है।
इसी घटना में घायल बेटी धनश्री जयभाई का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना की छानबीन वाघोली पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। मामले की जांच रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित महिला सोनी जयभाई और उसके पति संतोष जयभाई के बीच आज सुबह किसी मुद्दे पर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपित महिला ने अपने बेटे और बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने घायल बेटे और बेटी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने बेटे को मृत घोषित कर दिया , जबकि घायल बेटी का इलाज जारी है। वाघोली पुलिस स्टेशन की टीम आगे की छानबीन कर रही है।

