Mumbai

वसई आश्रम में मकर संक्रांति पर सद्भावना सम्मेलन

मुंबई, 15 जनवरी । वसई (पूर्व) के एवरशाइन सेक्टर-6 स्थित श्री हंस विजय नगर आश्रम में मकर संक्रांति श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति, वसई की ओर से सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया गया। श्री विभूजी महाराज के पावन सानिध्य में हुए सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्री विभूजी महाराज का दर्शन कर प्रेरणादायी प्रवचन का लाभ लिया।प्रवचन में महाराज जी ने मन को एकाग्र करने के महत्व को अत्यंत मार्मिक प्रसंगों के माध्यम से सरल भाषा में समझाया। उनके विचारों से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इस अवसर पर जरूरतमंद लोगों को कंबल, बेडशीट एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। सम्मेलन में सूरत, नासिक, पुणे, मुंबई एवं नवी मुंबई सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु भी शामिल हुए। शांति, सद्भाव और मानव कल्याण के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।