भूपेश के बयान पर में सियासी बवाल, विजय शर्मा ने किया पलटवार
रायपुर, 02 जनवरी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा उप मुख्यमंत्री अरुण साव की तुलना बंदर से किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस बयान को लेकर लगातार मंत्रियों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। टंकराम वर्मा के बाद अब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि भूपेश बघेल जैसे बड़े नेता से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती। शब्दों की एक मर्यादा होती है, जिसे समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने भाषा की सीमा नहीं समझी, उसी तरह उन्होंने भ्रष्टाचार में भी कोई सीमा नहीं रखी। ऐसा भ्रष्टाचार किया गया, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने भ्रष्टाचार में भी नवाचार किया।
विजय शर्मा ने आगे कहा कि यदि उनके परिवार के किसी सदस्य पर इस तरह की टिप्पणी की जाए तो उन्हें भी अच्छा नहीं लगेगा। हमारी पार्टी की संस्कृति है कि गिरे हुए को उठाया जाता है, किसी को गिराने का काम नहीं किया जाता।
नक्सली बारसे देवा और उसके 16 साथियों के तेलंगाना में आत्मसमर्पण की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति साफ होगी।
कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि दीपक बैज कांग्रेस के सक्रिय नेता हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। यह संगठन का आंतरिक विषय है, लेकिन यह जरूर देखना होगा कि उनकी कितनी टांग खींची गई है।
वहीं पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे जल्द लागू किया जाएगा। तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अधोसंरचना का पूर्वावलोकन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नरी प्रणाली की शुरुआत होगी।

