FEATUREDSports

बिहार ने रचा क्रिकेट इतिहास, ‘लिस्ट ए’ का बनाया सबसे बड़ा स्कोर

24 दिसंबर । बिहार क्रिकेट टीम ने रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले में इतिहास रच दिया है। बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 574 रन बनाए। यह लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का किया फैसला 

बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, कप्तान साकिबुल गनी और आयुष लोहारुका की शतकीय पारियों की बदौलत टीम ने यह रिकॉर्ड कायम किया।

वैभव सूर्यवंशी ने महज 36 गेंदों में किया अपना शतक पूरा 

पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 84 गेंदों पर 15 छक्कों और 16 चौकों की मदद से 190 रन की विस्फोटक पारी खेली। वैभव के पास दोहरा शतक पूरा करने का अवसर था, लेकिन वह 27वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए।

बिहार ने 6 विकेट पर 574 रन बनाकर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर किया अपने नाम

कप्तान साकिबुल गनी ने 40 गेंदों पर 12 छक्कों और 10 चौकों की मदद से नाबाद 128 रन बनाए। वहीं आयुष लोहारुका ने 56 गेंदों पर 8 छक्कों और 11 चौकों की सहायता से 116 रन की पारी खेली। इसके अलावा पीयूष सिंह ने 66 गेंदों पर 77 रन और मंगल महरोर ने 43 गेंदों पर 33 रन का योगदान दिया। इन शानदार पारियों की बदौलत बिहार ने 6 विकेट पर 574 रन बनाकर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर अपने नाम कर लिया।

इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर तमिलनाडु के नाम था

इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर तमिलनाडु के नाम था, जिसने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 2 विकेट पर 506 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने 2022 में नीदरलैंड के खिलाफ 4 विकेट पर 498 रन बनाए थे। सरे ने 2007 में ग्लॉस्टरशायर के खिलाफ 4 विकेट पर 496 रन बनाए थे। इस नए रिकॉर्ड के साथ सरे अब चौथे और इंग्लैंड पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2018 में 6 विकेट पर 481 रन भी बनाए थे।