FEATUREDNationalPopular

मोदी सरकार के सुधारों से भारत बना विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: नड्डा

14 दिसंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पार्टी कार्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि देशभर में बनाए जा रहे भाजपा कार्यालय पार्टी के मूल्यों और सिद्धांतों के प्रतीक हैं, जो जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित हैं।

श्री नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वक्फ बोर्ड अधिनियम में संशोधन और तीन तलाक की प्रथा को समाप्त किए जाने से मुस्लिम समुदाय को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने भाजपा को एक विचारधारा-आधारित पार्टी बताते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य दलों के पास कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में जातिवाद और भाई-भतीजावाद हावी था, जबकि भाजपा ने जवाबदेही, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति को आगे बढ़ाया है। श्री नड्डा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक और सामाजिक सुधारों के चलते भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।