सुबह चाय के साथ बिस्कुट: आदत स्वादिष्ट लेकिन सेहत के लिए खतरनाक!
भारत में चाय के साथ बिस्कुट खाना कई लोगों की रोजमर्रा की आदत है। बहुत से लोग सुबह की पहली चाय के साथ बिस्कुट को हल्का और हेल्दी विकल्प मानते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह आदत जितनी सामान्य दिखती है, उतनी ही सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। चाय और बिस्कुट का यह संयोजन पाचन तंत्र, ब्लड शुगर और मेटाबॉलिज्म पर सीधा प्रभाव डालता है और आगे चलकर कई परेशानियों को जन्म दे सकता है।
मार्केट में मिलने वाले ज्यादातर बिस्कुट मैदा, अधिक चीनी, नमक और प्रिजर्वेटिव से बने होते हैं। ऐसे बिस्कुट चाय के साथ खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है और शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकता है। चाय में मौजूद कैफीन और टैनिन खाली पेट जाकर एसिड बढ़ाते हैं, जबकि बिस्कुट में मौजूद रिफाइंड मैदा और शुगर एसिडिटी व जलन को और बढ़ावा देते हैं।
सुबह सबसे पहले मीठे या रिफाइंड कार्ब्स वाले बिस्कुट खाने से ब्लड शुगर अचानक बढ़ता और फिर गिरता है, जिससे लंबे समय में इन्सुलिन रेजिस्टेंस और डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा यह कॉम्बिनेशन आंतों के गुड बैक्टीरिया को कमजोर करता है, जिससे पाचन कमजोर होता है और गैस, ब्लोटिंग व भारीपन महसूस हो सकता है।
चाय के टैनिन शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं और बिस्कुट में फाइबर कम होने से कब्ज जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं। वहीं रिफाइंड आटे, चीनी और अनहेल्दी फैट से बने बिस्कुट सुबह-सुबह फैट स्टोर करवाते हैं, जिससे पेट की चर्बी और वजन बढ़ सकता है।
इन नुकसान से बचने के लिए सुबह की शुरुआत ऐसे ड्रिंक्स से की जा सकती है, जो गट हेल्थ और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाते हैं। सौंफ का पानी, धनिया बीज का पानी, एलोवेरा जूस या नारियल पानी में दालचीनी मिलाकर लेने जैसे विकल्प बेहतर हो सकते हैं।

