रोमानिया सालाना 30,000 कुशल भारतीय पेशेवरों को रोजगार देने का मार्ग तैयार करेगा
रोमानिया ने हर साल 30,000 कुशल भारतीय पेशेवरों को रोज़गार देने का रास्ता बनाने की इच्छा जताई है। रोमानिया ने बुखारेस्ट में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और रोमानिया के श्रम, परिवार, युवा एवं सामाजिक एकता मंत्री पेट्रे-फ्लोरिन मनोले के बीच हुई बैठक के दौरान कुशल भारतीय पेशेवरों को रोज़गार देने की इच्छा व्यक्त की। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा कल जारी एक बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने रोमानिया की लगभग एक लाख गैर-यूरोपीय संघ (ईयू) कर्मचारियों की वार्षिक आवश्यकता पर ध्यान दिया।
दोनों मंत्रियों ने कुशल पेशेवरों के सुरक्षित, व्यवस्थित, नियमित और ज़िम्मेदार प्रवास को बढ़ावा देने के लिए भारत और रोमानिया के बीच एक मज़बूत गतिशीलता साझेदारी बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई – जिससे पारस्परिक लाभ के लिए श्रम बाज़ार संपर्क में वृद्धि होगी। वे उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, थिंक टैंक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग बढ़ाकर लोगों के बीच संबंधों को मज़बूत करने पर भी सहमत हुए।
चर्चाओं में भर्ती, भाषा और व्यावसायिक प्रशिक्षण, मानकीकृत रोजगार अनुबंधों और नियोक्ता दायित्वों में सहयोग के साथ-साथ सत्यापित नियोक्ताओं के लिए त्वरित प्रक्रिया पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने अधिकारियों को योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता की संभावना तलाशने का काम सौंपा। सामाजिक सुरक्षा की निश्चितता के महत्व को स्वीकार करते हुए, उन्होंने एक समग्रीकरण (सामाजिक सुरक्षा) समझौते की संभावना पर भी चर्चा की।

