FEATUREDNationalPopular

भारत और श्रीलंका ने कृषि पर पहली संयुक्त कार्य समूह बैठक आयोजित की

भारत और श्रीलंका ने कल नई दिल्ली में कृषि पर संयुक्त कार्य समूह की पहली बैठक आयोजित की। बैठक की सह-अध्यक्षता कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी और श्रीलंका के कृषि, पशुधन, भूमि एवं सिंचाई मंत्रालय के सचिव डी.पी. विक्रमसिंघे ने की।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने कृषि मशीनीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, बीज क्षेत्र विकास और कृषि-उद्यमिता सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। बैठक में डिजिटल कृषि, फसल बीमा और कृषि-स्टार्टअप जैसी पहलों पर भी चर्चा हुई।

मंत्रालय ने बताया कि श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल ने भारत के कृषि अनुसंधान और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान का भी दौरा किया। चर्चाओं में दोनों देशों में खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को मज़बूत करने हेतु सहयोग को गहरा करने की भारत और श्रीलंका की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि हुई।