8वीं अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सभा आज नई दिल्ली में शुरू
अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सभा का आठवाँ सत्र आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। इस चार दिवसीय आयोजन में 124 देश भाग लेंगे और दुनिया भर के 40 से ज़्यादा मंत्री इस सत्र में शामिल होंगे। यह आयोजन वैश्विक समुदाय को सहयोग बढ़ाने और एक उज्जवल एवं टिकाऊ भविष्य के लिए सौर ऊर्जा अपनाने में तेज़ी लाने के लिए एक साथ लाएगा। सदस्य देश प्रगति की समीक्षा करेंगे, चुनौतियों का समाधान करेंगे और सभी के लिए किफायती सौर ऊर्जा के एक ही लक्ष्य की दिशा में कदम बढ़ाएँगे।
सौर गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सौर ऊर्जा की शक्ति का दोहन करने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगा। भारत ने अपने लक्ष्य से पहले, पाँच साल पहले ही अपनी कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से हासिल कर लिया था। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सौर उत्पादक और नवीकरणीय ऊर्जा विकास के लिए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के तहत 20 लाख से अधिक परिवार पहले ही अपनी छतों पर सौर ऊर्जा का लाभ उठा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन 124 सदस्य और हस्ताक्षरकर्ता देशों वाला एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है। यह दुनिया भर में ऊर्जा की पहुँच और सुरक्षा में सुधार लाने और कार्बन-तटस्थ भविष्य की ओर एक स्थायी बदलाव के रूप में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकारों के साथ काम करता है। यह कृषि, स्वास्थ्य, परिवहन और बिजली उत्पादन क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा देता है।

