मुंब्रा में 5एकड़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में होगा मुफ्त प्रशिक्षण
मुंबई। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ठाणे के मुंब्रा में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट अकादमी बनाई जाएगी। इसके लिए ठाणे नगर निगम द्वारा एमसीए को पाँच एकड़ का भूखंड दिया गया है और जल्द ही राष्ट्रवादी कांग्रेस-शरद चंद्र पवार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में अकादमी का शिलान्यास किया जाएगा। यह जानकारी आज डॉ. जितेंद्र आव्हाड और एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने एक संवाददाता सम्मेलन में दी।
मुंब्रा विधायक जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से हम ठाणे में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की एक अकादमी शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं। अब ये प्रयास सफल हुए हैं। हमने ठाणे मनपा क्षेत्र में मुंब्रा में पाँच एकड़ के भूखंड पर क्रिकेट अकादमी स्थापित करने का प्रस्ताव आयुक्त के समक्ष रखा था। ठाणे मनपा आयुक्त द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के बाद, यह राज्य सरकार के पास गया। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी तुरंत इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह भूखंड एमसीए को मुफ्त में नहीं दिया गया था। इस भूखंड का किराया लगभग 7.5 करोड़ रुपये है और एमसीए द्वारा पंजीकरण के लिए 40 लाख रुपये का भुगतान करने के बाद, यह भूखंड एमसीए के पास आ गया है। साथ ही जल्द ही यहाँ अकादमी स्थापित की जाएगी।
इस मौके पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, हम ठाणे जैसी जगह पर एक क्रिकेट अकादमी चाहते थे। ताकि ठाणे, मुंब्रा, कल्याण, अंबरनाथ आदि के क्रिकेटरों को एक उचित और नज़दीकी प्रशिक्षण केंद्र मिल सके। यह क्रिकेट अकादमी पूरी तरह से निःशुल्क होगी। एमसीए यहाँ नए खिलाड़ियों को मुफ्त प्रशिक्षण देगा। ड्रेसिंग रूम, स्विमिंग पूल, जिम, टेनिस क्रिकेट के लिए अलग हॉल आदि जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ प्रदान की जाएँगी। यह संरचना वानखेड़े स्टेडियम जैसी होगी।

