महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास से बनेगी प्रदेश की समृद्ध अर्थव्यवस्था : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को चंद्रपुर में कहा कि औद्योगिक विकास से ही सूबे की समृद्ध अर्थव्यवस्था बनेगी। उन्होंने कहा कि चंद्रपुर जिले में खनिज विकास निधि से अनेक बड़े उपक्रम चलाए जा रहे हैं। इसमें टाटा ट्रस्ट के माध्यम से कैंसर अस्पताल, कौशल आधारित रोजगार, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं का विकास, शिक्षा और नवोन्मेषी परियोजनाओं का समावेश है।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज चंद्रपुर के सरकारी विश्रामगृह में जिला खनिज प्रतिष्ठान की ओर से तैयार किए गए कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पना हैकि, जिस स्थान पर खनन कार्य होता है, वहां के नागरिकों को खनिज निधि का प्रत्यक्ष लाभ मिलना चाहिए। खनिज उत्खनन और परिवहन से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है, इसलिए उन्हें ही अधिक से अधिक लाभ मिलना आवश्यक है। चंद्रपुर जिले ने खनिज क्षेत्र में अनेक उत्तम उपक्रम किए हैं। विशेष रूप से खनिज विकास निधि से रोजगार सृजन, स्वास्थ्य, विकास, शिक्षा और कौशल आधारित नवोन्मेषी परियोजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि चंद्रपुर और गढ़चिरोली क्षेत्र इंडस्ट्रियल मैग्नेट के रूप में तैयार हो रहा है, जिससे लगभग दीड़ लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह विकास पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए होना चाहिए। चंद्रपुर को यह संदेश देना होगा कि औद्योगिकीकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी किया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कौशल विकास और रोजगार पर ध्यान देकर 100 प्रतिशत स्थानीय नागरिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर आदिवासी विकास मंत्री तथा चंद्रपुर जिले के पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके, विधायक सुधीर मुनगंटीवार, किशोर जोरगेवार, देवराव भोंगळे, जिलाधिकारी विनय गौड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितीन व्यवहारे, जिला खनन अधिकारी रोहन ठवरे और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

