प्रधानमंत्री मोदी ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो-2025 का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश और राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। वह ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2025 का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। इस मेले में राज्य की विविध शिल्प परंपराओं, आधुनिक उद्योगों, मज़बूत एमएसएमई और उभरते उद्यमियों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें हस्तशिल्प, वस्त्र, चमड़ा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आयुष जैसे प्रमुख क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व होगा। इसमें उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और व्यंजनों को भी एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जाएगा। यह व्यापार मेला इस महीने की 29 तारीख को आयोजित होगा।
इसके बाद, प्रधानमंत्री राजस्थान का दौरा करेंगे और एक लाख 22 हज़ार 100 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वे आज दोपहर बांसवाड़ा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। श्री मोदी पीएम कुसुम लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे। सभी के लिए सस्ती, विश्वसनीय और टिकाऊ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु भारत के बिजली क्षेत्र में बदलाव लाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री लगभग 42 हज़ार करोड़ रुपये की लागत वाली अणुशक्ति विद्युत निगम लिमिटेड की माही बांसवाड़ा राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री राजस्थान में लगभग 19,210 करोड़ रुपये की हरित ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वे फलौदी, जैसलमेर, जालौर और सीकर सहित अन्य स्थानों पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

