National

मशहूर संगीतकार विजय कुमार किचलू का निधन, ममता ने जताया दुख

कोलकाता, 18 फरवरी । आगरा घराने के मशहूर संगीतकार पंडित विजय कुमार किचलू का शुक्रवार शाम निधन हो गया। वे 93 साल के थे। कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि मशहूर संगीतकार पंडित विजय किचलू के निधन से मैं दुखी हूं।

आगरा घराने के कलाकार विजय किचलू आईटीसी संगीत रिसर्च अकेडमी के कर्णधार थे। उन्होंने अनगिनत नए कलाकारों को प्रशिक्षण दिया है। किचलू के निधन से संगीत जगत में एक अपूरणीय क्षति हुई है। विजय को पद्मश्री सहित कई अन्य सम्मान मिले थे।

आज शनिवार दोपहर 12:00 बजे रबींद्र सदन में उनका पार्थिव शरीर रखा जाएगा जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी। उसके बाद उनका अंतिम संस्कार होगा।

उनके बेटे रोहित ने कहा कि पिता संगीत साधक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत को सुपुर्द कर दिया था। 16 सितंबर 1930 को अल्मोड़ा में उनका जन्म हुआ था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने शास्त्रीय संगीत सीखना शुरू कर दिया था। 1955 में ब्रिटिश शिपिंग कंपनी में उच्च अधिकारी बनकर वह कोलकाता आए थे। उसके बाद अपने खास शास्त्रीय संगीत की वजह से पूरे देश में मशहूर थे।