Science

2026 से पहले बदल लें प्लेटफॉर्म, क्रोमबुक पर बंद होगा स्टीम बीटा

गेमिंग की दुनिया से एक निराशाजनक खबर सामने आई है, खासकर उन यूजर्स के लिए जो क्रोमबुक पर गेम खेलना पसंद करते हैं। Google ने घोषणा की है कि 2025 के अंत तक क्रोमबुक पर स्टीम बीटा का सपोर्ट पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। यानी 1 जनवरी 2026 से न तो यूजर्स स्टीम लॉन्च कर पाएंगे, न नए गेम इंस्टॉल कर सकेंगे और न ही प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे। इतना ही नहीं, जो गेम पहले से इंस्टॉल हैं, वे भी स्वचालित रूप से डिलीट हो जाएंगे।

स्टीम दुनिया का सबसे बड़ा पीसी गेमिंग प्लेटफॉर्म है, जो पहले सिर्फ Windows, macOS और Linux पर ही उपलब्ध था। लेकिन 2022 में Google और Steam ने मिलकर एक बीटा प्रोग्राम शुरू किया, जिससे कुछ क्रोमबुक डिवाइसों पर भी हाई-क्वालिटी पीसी गेम्स खेलने की सुविधा मिली।

क्रोमबुक्स अपने हल्के और तेज़ प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं, लेकिन पारंपरिक रूप से इन पर हाई-एंड गेमिंग संभव नहीं थी। स्टीम बीटा के आने से यह कमी काफी हद तक दूर हुई थी। अब इसकी सेवाएं बंद होने के बाद यूजर्स को Google Play Store के सीमित गेम्स या फिर NVIDIA GeForce Now और Xbox Cloud Gaming जैसे क्लाउड विकल्पों पर निर्भर रहना होगा।

Google ने इस बदलाव की जानकारी यूजर्स को देना शुरू कर दी है। स्टीम बीटा 31 दिसंबर 2025 तक उपलब्ध रहेगा, इसके बाद यह सुविधा पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।

भारत में क्रोमबुक खासतौर पर स्टूडेंट्स और बेसिक उपयोग करने वालों के बीच काफी पॉपुलर हैं। कई युवा गेमर्स ने बिना महंगे गेमिंग लैपटॉप के, स्टीम बीटा की मदद से क्रोमबुक पर पीसी गेमिंग का आनंद उठाया। अब इस सुविधा के बंद होने के बाद उन्हें या तो एंड्रॉइड गेम्स पर निर्भर रहना पड़ेगा या फिर क्लाउड गेमिंग का विकल्प अपनाना होगा, जिससे इंटरनेट डेटा की खपत और सब्सक्रिप्शन खर्च दोनों बढ़ सकते हैं।

कुल मिलाकर, यह फैसला क्रोमबुक यूजर्स के लिए एक बड़ा झटका है। अगर आप भी क्रोमबुक पर गेमिंग करते हैं, तो बेहतर होगा कि आप अभी से ही कोई नया विकल्प ढूंढ़ना शुरू कर दें।