पीएम मोदी 10 अगस्त को अमृतसर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच वंदे भारत ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को अमृतसर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। आकाशवाणी जम्मू संवाददाता ने बताया कि जम्मू रेल डिवीजन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, वंदे भारत ट्रेन संख्या 26406 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से अमृतसर तक चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
ट्रेन संख्या 26406 कटरा से सुबह 6:40 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 12:20 बजे अमृतसर पहुँचेगी। यह ट्रेन जम्मू, पठानकोट कैंट, जालंधर सिटी और व्यास स्टेशनों पर रुकेगी। यही ट्रेन अमृतसर से शाम 4:25 बजे प्रस्थान करेगी और रात 10 बजे कटरा पहुँचेगी। इस बीच, उत्तर रेलवे ने कश्मीर घाटी में अनंतनाग रेलवे स्टेशन को माल परिवहन के लिए खोल दिया है।
रेलवे ने एक बयान में कहा, “कश्मीर घाटी में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में, उत्तर रेलवे ने अनंतनाग रेलवे स्टेशन को माल की आवाजाही के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिया है। इस निर्णय के साथ, अनंतनाग अब माल ढुलाई के लिए पूरी तरह सुसज्जित हो गया है, जिससे पूरे कश्मीर में व्यवसायों के लिए एक नया और कुशल परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।” यह स्टेशन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगा और रेलवे ट्रैक के माध्यम से सभी प्रकार के माल (पेट्रोलियम उत्पादों को छोड़कर) की आवाजाही करेगा।

