बीजिंग और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ से 30 से ज़्यादा लोगों की मौत, हज़ारों लोगों को निकाला गया
चीन में, बीजिंग और उसके पड़ोसी क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ से 30 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं। चीनी सरकारी मीडिया ने बताया है कि राजधानी से हज़ारों लोगों को निकाला गया है। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, कल आधी रात तक बीजिंग के बुरी तरह प्रभावित मियुन ज़िले में 28 और यानकिंग ज़िले में दो लोगों की मौत हो चुकी थी। दोनों ही शहर के बाहरी इलाके हैं, जो शहर के केंद्र से दूर हैं। कल, पड़ोसी हेबेई प्रांत में हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य अभी भी लापता हैं। सप्ताहांत में शुरू हुई भारी बारिश कल बीजिंग और आसपास के प्रांतों में और तेज़ हो गई, जिससे राजधानी के उत्तरी ज़िलों में 543.4 मिमी तक बारिश हुई। सड़कें और संचार ढाँचा क्षतिग्रस्त हो गया, और कल आधी रात तक 136 गाँवों में बिजली गुल हो गई।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हताहतों की संख्या कम करने के लिए व्यापक खोज और बचाव अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। बीजिंग ने कल उच्चतम स्तर की बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की और निवासियों को अपने घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी।

