प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर मालदीव की राजधानी माले पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा के बाद अपने चार दिवसीय दौरे के दूसरे चरण में दो दिवसीय यात्रा पर मालदीव की राजधानी माले पहुँच गए हैं। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज़्ज़ू से मुलाकात करेंगे और व्यापक आर्थिक एवं सुरक्षा समुद्री साझेदारी की प्रगति की संयुक्त समीक्षा करेंगे।
वह मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे, जो भारत और मालदीव के बीच राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह मालदीव की तीसरी यात्रा है।

