उत्तराखंड में फंसे महाराष्ट्र के तीर्थयात्रियों की सुरक्षित वापसी के प्रयास जारी: एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण फंसे राज्य के तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सरकार पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री ने उत्तराखंड सरकार से संपर्क साधा है और राहत कार्यों को लेकर समन्वय बना रहे हैं।
शिंदे ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमारे पर्यटन मंत्री ने उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री से बात की है। मैंने भी खुद वहां के अधिकारियों और सीएमओ के विशेष सचिव से संवाद किया है। मैं खुद भी वहां फंसे यात्रियों से बात कर चुका हूं। सभी यात्री सुरक्षित हैं और सरकार उनका पूरा ध्यान रख रही है। हमारे अधिकारी भी मौके पर रवाना हो चुके हैं।”
इस बीच, उत्तरकाशी जिले में 1 जुलाई को भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। इस मार्ग को बहाल करने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ओजरी क्षेत्र में सात पोकलेन और जेसीबी मशीनें दोनों ओर से दिन-रात मलबा हटाने में जुटी हैं।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं राहत और पुनर्वास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को सिलाई बैंड से पैदल चलकर ओजरी तक निरीक्षण यात्रा की और वहां तीर्थयात्रियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि प्रभावित तीर्थयात्रियों को ओजरी से सिलाई बैंड तक ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था के तहत सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है, जहां से वे पैदल यात्रा जारी रख रहे हैं।
आर्य ने बताया कि सड़क बह जाने से कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह बाधित है, लेकिन उसे सुचारु करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “सिलाई बैंड क्षेत्र में तीन स्थानों पर सड़क बह गई है। हमारी प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द मार्ग बहाल किया जाए और तीर्थयात्रियों व स्थानीय नागरिकों को हरसंभव सहायता दी जाए। सभी टीमों को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।”

