पुणे में फिलहाल पानी की कोई कमी नहीं, खडकवासला क्लस्टर में जलस्तर 50% से ऊपर
पुणेवासियों के लिए राहत की खबर है। शहर को पानी सप्लाई करने वाले चार प्रमुख बांधों—खडकवासला, पानशेत, टेमघर और वारसगांव—का सामूहिक जल संग्रहण 1 जुलाई तक 51.12% तक पहुंच चुका है। यह पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर स्थिति है, जब इसी तारीख को जलस्तर केवल 14.24% था।
खास बात यह है कि खडकवासला बांध में अकेले 63.60% तक पानी का भंडारण हो चुका है, जो शहर के लिए सबसे अहम जल स्रोतों में से एक है। अन्य बांधों की बात करें तो वारसगांव बांध 55.78%, पानशेत 47.79% और टेमघर 37.95% भंडारण स्तर पर हैं।
बारिश की रफ्तार तेज होने के साथ इन जलाशयों के स्तर में और वृद्धि की उम्मीद है, जिससे आगामी महीनों में पानी की किल्लत की आशंका कम हो गई है।

