राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बीजिंग में चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बीजिंग में चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की और क्षेत्र में समग्र शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद का मुकाबला करने की आवश्यकता पर बल दिया।
विदेश मंत्रालय ने कल एक बयान में बताया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों में हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा की और भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें लोगों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देना भी शामिल है। आपसी हितों के अन्य द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। एनएसए डोभाल ने कहा कि वह विशेष प्रतिनिधि वार्ता के 24वें दौर के लिए पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तिथि पर भारत में श्री वांग यी से मिलने के लिए उत्सुक हैं।
एनएसए डोभाल एससीओ सुरक्षा परिषद सचिवों की 20वीं बैठक में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा पर हैं।

