दिल्ली के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिल्ली में ओलंपिक दिवस दौड़ को हरी झंडी दिखाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज सुबह भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा की मौजूदगी में राष्ट्रीय राजधानी के जेएलएन स्टेडियम से ओलंपिक दिवस दौड़ को हरी झंडी दिखाई। बाद में मीडिया से बात करते हुए श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में ओलंपिक दिवस समारोह और दौड़ बेहद खुशी लेकर आई, क्योंकि हजारों दिल्लीवासियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार बेहतर खेल बुनियादी ढांचे और एथलीटों के लिए सुविधाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली और पूरा देश 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैश्विक समुदाय इस सम्मान को स्वीकार करेगा और भारत पूरी लगन के साथ खेलों के महाकुंभ का आयोजन करेगा।
ओलंपिक दिवस रन का आयोजन आईओसी के ‘लेट्स मूव’ अभियान के तहत किया गया था, जिसका उद्देश्य फिटनेस और समावेशिता को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम में पूरे शहर में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। बाद में, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने फिटनेस और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान का नेतृत्व किया।

