महाराष्ट्र: सड़क हादसे में मृत व्यक्ति के परिजनों को 2.2 करोड़ रुपये का मुआवजा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक लोक अदालत ने 2023 में हुए एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को 2.2 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का निर्णय सुनाया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, यह मुआवजा प्रधान जिला न्यायाधीश एस. बी. अग्रवाल की मौजूदगी में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) के सदस्य एस. एन. शाह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव ईश्वर सूर्यवंशी द्वारा पीड़ित परिवार को चेक के रूप में सौंपा गया। बताया गया कि यह इस वर्ष जिले में सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों में अब तक दी गई सबसे बड़ी मुआवजा राशि है।
44 वर्षीय प्रदीप नागतिलक, जो डोंबिवली के निवासी थे, अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल पर यात्रा कर रहे थे। इस दौरान वाहन असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान प्रदीप की मौत हो गई।
मृतक की पत्नी, माता-पिता और दोनों बच्चों को यह मुआवजा राशि प्रदान की गई।

