वेव्स 2025 से पहले “इनोवेट2एजुकेट” चैलेंज के लिए शीर्ष 10 फाइनलिस्ट की घोषणा की गई
आगामी विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) के अंतर्गत “इनोवेट2एजुकेट: हैंडहेल्ड डिवाइस डिज़ाइन” चुनौती के शीर्ष 10 फाइनलिस्ट की आज घोषणा की गई। यह चुनौती युवाओं में प्रौद्योगिकी, शिक्षा और गेमिंग के संयोजन में नवाचार को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य हैंडहेल्ड डिवाइस के लिए सफल विचारों और डिज़ाइन को प्रेरित करना है जो सीखने के अनुभवों में क्रांति ला सकते हैं।
उद्योग जगत के नेताओं, प्रौद्योगिकीविदों, शिक्षकों और डिजाइनरों से मिलकर बने विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा कठोर मूल्यांकन के बाद 1,800 से अधिक नवीन विचारों के पंजीकरणों में से शीर्ष 10 फाइनलिस्ट चुने गए हैं। शॉर्टलिस्ट की गई टीमें मुंबई में WAVES 2025 के दौरान एक विशेष शोकेस में अपने विचार प्रस्तुत करेंगी। फाइनलिस्ट की घोषणा भारतीय डिजिटल गेमिंग सोसाइटी (IDGS) द्वारा की गई, जिसने सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सहयोग से प्रतियोगिता का आयोजन किया था। चुनौती के विजेताओं को मंत्रालय द्वारा ग्रैंड फिनाले में सम्मानित किया जाएगा।

