CityMumbai

नागपुर हिंसा : पुलिस पर हमला करने वालों को कब्र से निकालकर सजा दिलाएंगे : मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि नागपुर हिंसा मामले में पुलिस के हमलावरों को कब्र से निकालकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में पुलिस पर हमले किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज विधानसभा में नागपुर में हुई हिंसा मामले में सरकार की कार्रवाई की जानकारी दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले के मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो समूहों के बीच झड़प में 20-25 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने गुस्से में कहा कि ‘नागपुर हिंसा के दौरान जिन लोगों ने पुलिस पर हमला किया था। हम उन्हें उनकी कब्रों से खोदकर बाहर निकालेंगे। मैं उन्हें नहीं छोडूंगा। बाकी सब कुछ क्षम्य है लेकिन पुलिस पर हमले क्षम्य नहीं हैं, हम सख्त कार्रवाई करेंगे।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस संबंध में जांच चल रही है। नागपुर अब शांत है। नागपुर शहर अपनी शांति के लिए प्रसिद्ध है। 1992 के बाद से नागपुर में एक भी दंगा नहीं हुआ है। 17 मार्च को हुई इस घटना में ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर ये काम किया। जो लोग सामाजिक स्वास्थ्य को बाधित करते हैं। वे जानबूझकर अफवाहें फैलाते हैं। उनकी भी छानबीन की जा रही है। कुछ असामाजिक तत्व पकड़े गए हैं। फडणवीस ने स्पष्ट किया, “हम इस मामले में सख्त कार्रवाई किए बिना चैन से नहीं बैठेंगे।”