YouTube के नए नियम 19 मार्च से लागू, गैंबलिंग प्रमोट करने वाले क्रिएटर्स के अकाउंट होंगे ब्लॉक
YouTube के नए नियम 19 मार्च से लागू हो जाएंगे, और इसके बाद गैंबलिंग वेबसाइट्स और ऐप्स को प्रमोट करने वाले क्रिएटर्स के अकाउंट ब्लॉक किए जा सकते हैं। YouTube ने ऑनलाइन गैंबलिंग कंटेंट के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं, और नए नियमों के तहत गैंबलिंग ऐप्स और वेबसाइट्स को प्रमोट करने वाले अनसर्टिफाइड क्रिएटर्स को दंडित किया जाएगा। इसके साथ ही, जिन क्रिएटर्स के कंटेंट में अप्रूव्ड गैंबलिंग ऐप्स या सर्विसेज का लोगो दिखाया जाएगा, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
क्यों उठाया जा रहा है यह कदम
कंपनी ने इस निर्णय के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि यह कदम युवा दर्शकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक था। YouTube पर गैंबलिंग साइट्स और ऐप्स को प्रमोट करने वाले कंटेंट को अब कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। अगले सप्ताह से लागू होने वाले इन नए नियमों के तहत, यदि कोई क्रिएटर गारंटीड रिटर्न का दावा करते हुए गैंबलिंग साइट्स या ऐप्स का प्रमोशन करता है, तो उसका कंटेंट हटा दिया जाएगा।
एज रेस्ट्रिक्शन भी लागू होगा
नए नियमों के अनुसार, YouTube ने ऑनलाइन केसिनो और ऐप्स के प्रमोशन वाले कंटेंट पर एज रेस्ट्रिक्शन लगाने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि 18 साल से कम उम्र के यूजर्स और साइन-आउट रहने वाले यूजर्स को ऐसे कंटेंट नहीं दिखाया जाएगा।
29 लाख वीडियो हटाए गए
YouTube ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी की, जिसमें बताया गया कि 2023 के अक्टूबर से दिसंबर तक 29 लाख वीडियो को डिलीट किया गया, जो कि YouTube की कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन कर रहे थे। यह संख्या किसी भी देश में डिलीट किए गए वीडियो की सबसे बड़ी संख्या है।

