प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को नई दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। हाल ही में सरकार ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है।
यह सम्मेलन कल से 23 फरवरी तक चलेगा और इसमें पैनल चर्चा, पुस्तक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतिष्ठित साहित्यिक हस्तियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें मराठी साहित्य की कालातीत प्रासंगिकता का जश्न मनाया जाएगा और समकालीन विमर्श में इसकी भूमिका का पता लगाया जाएगा, जिसमें भाषा संरक्षण, अनुवाद और साहित्यिक कार्यों पर डिजिटलीकरण के प्रभाव जैसे विषय शामिल होंगे।
आकाशवाणी संवाददाता ने बताया कि 71 वर्षों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित हो रहे मराठी साहित्य सम्मेलन में पुणे से दिल्ली तक एक प्रतीकात्मक साहित्यिक ट्रेन यात्रा भी शामिल है। इसमें 1,200 प्रतिभागी भाग लेंगे, जो साहित्य की एकीकृत भावना को प्रदर्शित करेंगे। इसमें 2,600 से अधिक कविताएँ, पचास पुस्तकों का लोकार्पण और 100 बुक स्टॉल आदि शामिल होंगे।

