राष्ट्रपति मुर्मू ने आदि महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में आदिवासी लोगों के समग्र विकास के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। रविवार को नई दिल्ली में आदि महोत्सव 2025 का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश में आदिवासी लोगों की परंपराएं और जीवन जीने का तरीका राष्ट्र की संस्कृति को समृद्ध करता है। उन्होंने कहा कि इस साल के बजट में आदिवासी कल्याण के लिए आवंटन तीन गुना बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश तभी विकसित होगा जब आदिवासी समाज का उत्थान होगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के विकास के लिए तेज गति से बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि आदिवासी समाज के शिल्प, भोजन, पोशाक और आभूषण, चिकित्सा पद्धतियां, घरेलू उपकरण और खेल देश की अनमोल विरासत हैं। आकाशवाणी संवाददाता ने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आज से 24 फरवरी तक आदि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
आदि महोत्सव का उद्देश्य भारत के आदिवासी समुदायों की जीवंत संस्कृति, विरासत और आर्थिक क्षमता का जश्न मनाना और उसका प्रदर्शन करना है। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 600 से अधिक आदिवासी कारीगर, 500 प्रदर्शनकारी कलाकार और 25 आदिवासी खाद्य स्टॉल शामिल होंगे, जो 30 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विविध परंपराओं का प्रतिनिधित्व करेंगे। आदि महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में विभिन्न राज्यों के आदिवासी कारीगरों द्वारा लाइव प्रदर्शन और राज्य और अंतर्राष्ट्रीय मंडपों में अद्वितीय आदिवासी शिल्प का प्रदर्शन शामिल है। यह महोत्सव भारत के आदिवासी समुदायों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने के मिशन के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है।

