National

असम सरकार ने कोलकाता में निवेशकों का किया रोड शो, एडवांटेज असम 2.0 के अवसरों को किया उजागर

कोलकाता, 28 जनवरी ।असम सरकार की तरफ से कोलकाता में निवेशकों के रोड शो का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आगामी एडवांटेज असम 2.0: इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर समिट- 2025 की प्रस्तावना के रूप में आयोजित किया गया। यह सम्मेलन 25-26 फरवरी को गुवाहाटी में होगा, जिसमें असम के औद्योगिक विकास और निवेश की व्यापक संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

इस रोड शो में असम सरकार के स्वास्थ्य और सिंचाई मंत्री अशोक सिंघल मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने असम में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास, हरित ऊर्जा और विविध विनिर्माण क्षेत्रों पर प्रकाश डाला। कहा कि असम के धुबरी-फुलबाड़ी ब्रिज और जागीरोड इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी जैसे परियोजनाओं का जिक्र करते हुए राज्य के बुनियादी ढांचे को बदलने वाले कदमों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि असम सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और अमोनिया उत्पादन जैसे हरित ऊर्जा क्षेत्रों में अग्रणी है। इसके अलावा, राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, खाद्य प्रसंस्करण, एफएमसीजी और पेट्रोकेमिकल्स जैसे विनिर्माण क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कर रहा है। असम को पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए सिंघल ने राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, वन्यजीव अभयारण्य, चाय बागानों और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने निवेशकों को इन अनछुए क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। शिखर सम्मेलन की शुरुआत 24 फरवरी को आठ हजार युवाओं के जुमुर नृत्य प्रदर्शन से होगी। इस कार्यक्रम में भारत के प्रधानमंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्री, उद्योग जगत के लोग और देश-विदेश के नीति निर्माता शिरकत करेंगे।

21 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

मंत्री अशोक सिंघल ने बताया कि असम की औद्योगिक नीतियां निवेशकों की जरूरतों के अनुसार कस्टमाइज की जा सकती हैं। 100 करोड़ से अधिक का निवेश करने और 200 से ज्यादा नौकरियां उत्पन्न करने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए जाएंगे। अब तक असम सरकार ने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के लिए 21 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें पेप्सिको और डालमिया सीमेंट जैसी कंपनियां शामिल हैं।रोड शो के समय प्रमुख हस्तियों में एफआईसीसीआई पश्चिम बंगाल स्टेट काउंसिल की सह-अध्यक्ष सोनाली घोषाल, असम सरकार के प्रधान सचिव मुकेश चंद्र साहू और असम स्मॉल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पी. विजय भास्कर रेड्डी उपस्थित रहे। साथ ही कई नामी गिरामी कंपनियां भी शामिल रहीं।