संतोष देशमुख हत्याकांड का मुकदमा मुंबई में ही चलाया जाए: अंजलि दमानिया
मुंबई, सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने बुधवार को महाराष्ट्र की डीजीपी रश्मि शुक्ला से मुलाकात की और मांग की कि सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले की सुनवाई मुंबई में ही की जाए।
उन्होंने हत्या के आरोपियों को अन्य जेलों से शहर की आर्थर रोड जेल में स्थानांतरित करने की भी मांग की।
दमानिया ने पुलिस और एक आरोपी विष्णु चाटे के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया और दावा किया कि उसे “अपनी मर्जी से” लातूर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया।
मुंबई में शुक्ला के साथ अपनी बैठक के दौरान दमानिया ने शीर्ष पुलिस अधिकारी को बीड में व्याप्त “आतंक” के माहौल से अवगत कराया।
कार्यकर्ता ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे और उनकी पत्नी की दो कंपनियों के बारे में भी जानकारी सौंपी, जिनमें मंत्री के सहयोगी और जबरन वसूली मामले के आरोपी वाल्मीक कराड शेयरधारक हैं।
कराड दिसंबर में हुई सरपंच की हत्या से जुड़ी एक पवनचक्की कंपनी से जबरन वसूली के मामले में आरोपी हैं।
उन्होंने दावा किया कि लाभ के पद के मामले में धनंजय मुंडे की विधायकी समाप्त हो सकती है।
दमानिया ने कहा, “मुकदमा मुंबई में चलाया जाना चाहिए। आरोपी विष्णु चाटे को पुलिस के साथ मिलीभगत के कारण लातूर जेल में स्थानांतरित किया गया था। उसे और मामले के अन्य आरोपियों को पुलिस के साथ संबंध तोड़ने के लिए आर्थर रोड जेल में स्थानांतरित किया जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे दावा किया कि एक चीनी मिल को 62 करोड़ रुपये का सरकारी ऋण दिया गया, जिसमें धनंजय मुंडे की हिस्सेदारी है, और उन्होंने डीजीपी शुक्ला से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा जांच का आदेश देने का अनुरोध किया।
इससे पहले दिन में कराड को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
मध्य महाराष्ट्र के बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का 9 दिसंबर को अपहरण कर लिया गया, उन्हें प्रताड़ित किया गया और उनकी हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि देशमुख ने एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली का विरोध करने की कोशिश की थी।
केज पुलिस ने हत्या के मामले में चाटे सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।

