Health/Food

जानें क्या सच में रेड वाइन हृदय और शरीर के लिए फायदेमंद है

अगर आप वाइन के शौकीन हैं, तो खुश हो जाइए। वैज्ञानिकों ने रिसर्च में पाया है कि एक ग्लास रेड वाइन पीने से आपके शरीर को 1 घंटे जिम जाने के बराबर फायदे मिलते हैं। यकीन करना मुश्किल है, तो पढ़िए क्या कहती है रिसर्च।

कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ अलबर्टा में हुई इस रिसर्च के अनुसार रेड वाइन में एक खास तत्व होता है, जिसे रेस्वेरेट्रॉल (Resveratrol) कहते हैं। ये शरीर तत्व को वही फायदे पहुंचाता है, जो आपको एक्सरसाइज से मिलते हैं। ये शोध इसी यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों की एक टीम ने किया है। मुख्य शोधकर्ता और रिसर्च लीडर Jason Dyck के अनुसार ये रिसर्च उन लोगों के लिए काफी मददगार साबित होगी, जो एक्सरसाइज नहीं कर सकते हैं।

क्यों फायदेमंद है रेड वाइन ?

रेड वाइन में पाया जाने वाला तत्व रेस्वेरेट्रॉल हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद होता है। रिसर्च के अनुसार ये आपके शरीर की फिजिकल पर्फॉर्मेन्स को सुधारता है, हार्ट फंक्शन को बेहतर बनाता है और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। ये लगभग वही फायदे हैं, जो आपको रोजाना एक्सरसाइज करने से मिलते हैं। Jason Dyck ने कहा, “मुझे लगता है कि रेस्वेरेट्रॉल उन लोगों के लिए मददगार होगा जो लोग दिव्यांग हैं और एक्सरसाइज नहीं कर सकते हैं। इसके अलावा इसका फायदा उन लोगों को भी मिलेगा जो कम समय होने के कारण थोड़ी-बहुत ही एक्सरसाइज कर पाते हैं।”

रेड वाइन है दिल और दिमाग के लिए फायदेमंद ?

इसके पहले भी कई रिसर्च में ये बात बताई जा चुकी है कि रेड वाइन का रोजाना थोड़ी मात्रा में सेवन, हार्ट के लिए फायदेमंद होता है। रेड वाइन में मौजूद रेस्वेरेट्रॉल, शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को बढ़ाता है और धमनियों में प्लाक को जमा होने से रोकता है।

Heart.org पर छपे एक लेख के अनुसार, “शोधों में पाया गया है कि थोड़ी मात्रा में एल्कोहल शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) की मात्रा को बढ़ाता है और हृदय को स्वस्थ रखता है, मगर यहां यह जान लेना भी जरूरी है कि अगर आप ज्यादा एल्कोहल का सेवन करते हैं, तो इससे आपको लिवर खराब होने, मोटापा, स्ट्रोक और कुछ खास तरह के कैंसर होने का खतरा भी बढ़ जाता है।”

American Heart Association के अनुसार अगर आप एल्कोहल का सेवन नहीं करते हैं, तो आपको इसे शुरू नहीं करना चाहिए। मगर यदि आप एल्कोहल पीते हैं, तो यह ध्यान रखें कि 1 दिन में एक ड्रिंक से ज्यादा एल्कोहल न पिएं। यहां एक ड्रिंक का मतलब है- 350 mL बियर, 120 mL वाइन।

क्या कहते है एक्सपर्ट ?

सिद्धार्थनगर के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉक्टर राम आशीष बताते हैं, “रेड वाइन को हार्ट के लिए अच्छा माना जाता है क्योंकि इसमें एक खास एंटीऑक्सीडेंट होता है- रेस्वेरेट्रॉल। यही एंटीऑक्सीडेंट अंगूर के छिलके, डार्क चॉकलेट, ब्लू बेरीज और पीनट बटर में भी पाया जाता है। चूंकि वाइन यानी शराब के अन्य दुष्प्रभाव भी हैं, इसलिए बेहतर ये होगा कि हृदय को स्वस्थ्य रखने के लिए व्यक्ति ये हेल्दी फूड्स खाए। फिर भी अगर कोई व्यक्ति एल्कोहल पीना ही चाहता है, तो उसे ध्यान रखना चाहिए कि रिसर्च सिर्फ रेड वाइन को फायदेमंद मानती है। हर तरह की शराब को स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद नहीं माना जाता है। इसलिए सप्ताह में 3-4 दिन 1 ड्रिंक रेड वाइन पीने में कोई बुराई नहीं है।”