Business

अंबानी-अडानी की नेटवर्थ से अधिक सालभर में कमा गए एलन मस्क, किसने गंवाया सबसे ज्यादा पैसा

साल 2024 दुनिया के अरबपतियों के लिए अच्छा रहा। इस दौरान दुनिया के टॉप 20 अरबपतियों में 16 की नेटवर्थ में तेजी आई। टॉप 10 की बात करें तो केवल फ्रांसीसी कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ में गिरावट रही। जानिए बीते साल किसने की सबसे ज्यादा कमाई और कौन रहा सबसे बड़ा लूजर ..

नई दिल्ली: साल 2024 में दुनिया के टॉप 20 अरबपतियों में से 16 की नेटवर्थ में उछाल आई जबकि चार को नुकसान हुआ। बीते साल नेटवर्थ गंवाने वालों में भारत के मुकेश अंबानी और गौतम अडानी भी रहे। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 10 साल में पहली बार निगेटिव रिटर्न दिया। इससे अंबानी की नेटवर्थ में 5.74 अरब डॉलर की गिरावट आई और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 17वें नंबर पर खिसक गए। अडानी ने बीते साल 5.60 अरब डॉलर गंवाए और वह अमीरों की सूची में 19वें नंबर पर खिसक गए। 2024 में सबसे ज्यादा कमाई करने के मामले में एलन मस्क नंबर 1 रहे। दुनिया के सबसे बड़े रईस की नेटवर्थ में बीते साल 203 अरब डॉलर की तेजी आई जो अंबानी और अडानी की कंबाइंड नेटवर्थ से ज्यादा है।

ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी की नेटवर्थ 90.6 अरब डॉलर है जबकि अडानी की नेटवर्थ 78.7 अरब डॉलर है। एलन मस्क 432 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे बड़े रईस हैं। मस्क के बाद मार्क जकरबर्ग ने बीते साल सबसे ज्यादा 79.2 अरब डॉलर की कमाई की। एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुआंग की नेटवर्थ में 70.3 अरब डॉलर की तेजी आई जबकि लैरी एलिसन की नेटवर्थ 69.2 अरब डॉलर बढ़ी। ऐमजॉन के जेफ बेजोस ने 61.8 अरब डॉलर कमाए। माइकल डेल की नेटवर्थ 45.2 अरब डॉलर बढ़ी जबकि लैरी पेज ने 41.8 अरब डॉलर की कमाई की।

सबसे ज्यादा घाटा

सबसे ज्यादा नुकसान में फ्रांसीसी अरबपति बर्नार्ड अरनॉल्ट रहे। आरनॉल्ट दुनिया की सबसे बड़ी लग्जरी गुड्स कंपनी LVMH Moët Hennessy के सीईओ हैं। इस कंपनी में आरनॉल्ट और उनके परिवार की LVMH में 47.5% हिस्सेदारी है। इस लग्जरी हाउस के पास अभी 70 से अधिक ब्रांड हैं। इनमें Louis Vuitton, Christian Dior, Fendi, Moët & Chandon, Hennessy, Sephora और Veuve Clicquot शामिल हैं। Christian Dior में बर्नार्ड की 96.5 फीसदी हिस्सेदारी है। बीते साल उनकी नेटवर्थ में 31.2 अरब डॉलर की गिरावट आई। वह 176 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं।