National

अखिलेश यादव ने खेली शानदार पारी, सिक्योरिटी हंटर्स सेमीफाइनल में

लखनऊ, 30 जनवरी। आइडियल अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग के चौथे क्वार्टर फाइनल में सिक्योरिटी हंटर्स ने अखिलेश यादव (38), अमित बिश्नोई (21) व रामआशीष यादव (16) की पारियों से ऑपरेटिंग अवेंजर्स को छह विकेट से हराते हुए सेमीफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।

पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में खेली जा रही लीग के ऐशबाग रेलवे स्टेडियम पर सोमवार को खेले गए मैच में ऑपरेटिंग अवेंजर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 77 रन ही बना सकी। टीम से एसएस रहमान ने सर्वाधिक 16 रन बनाये। उनके बाद सर्वजीत पाठक (नाबाद 10) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सिक्योरिटी हंटर्स से अमित सिंह व जय सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किये ।

जवाब में सिक्योरिटी हंटर्स ने 12.2 ओवर में चार विकेट पर 81 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीम की जीत में अखिलेश यादव ने 38, अमित बिश्नोई ने 21 व रामआशीष यादव ने 16 रन का योगदान दिया। ऑपरेटिंग अवेंजर्स से संदीप दुबे ने दो, जबकि श्याम जी दुबे व सिद्धांत सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किये। मैन ऑफ द मैच सिक्योरिटी हंटर्स के रामआशीष यादव चुने गए।