Mumbai

दादर स्टेशन के पास हनुमान मंदिर गिराने पर रोक के बाद राजनीतिक माहौल गरमाया

मुंबई, 14 दिसंबर । मुंबई के दादर स्टेशन के पास हनुमान मंदिर गिराने के नोटिस पर शनिवार को रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रोक लगा दी है। अब हनुमान मंदिर को गिराए जाने की कार्रवाई नहीं की जाएगी और भक्तगण मंदिर में नियमित पूजा पाठ कर सकते हैं। हनुमान मंदिर पर चलने वाला रेलवे का बुलडोजर तो थम गया, लेकिन इस पर राजनीति शुरू हो गई है।

भाजपा नेता और पूर्व मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि दरअसल, दादर पूर्व में स्टेशन के पास करीब 80 वर्ष पहले कुलियों ने एक हनुमान मंदिर की स्थापना की थी, जिसमें प्रतिदिन लोग पूजा-पाठ करते हैं। कुछ दिन पहले मध्य रेलवे ने इस मंदिर को हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। इसके बाद मुंबई के भाजपा नेताओं ने रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की तो उन्होंने तत्काल इस मंदिर को हटाने के लिए जारी किये गए नोटिस को रद्द कर दिया।

शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सत्तापक्ष पर मंदिर हटाने के लिए दिए गए नोटिस पर कहा कि एक हैं तो सेफ हैं, लेकिन हमारे मंदिर सेफ नहीं हैं। उद्धव ठाकरे की पूर्व घोषणा के मद्देनजर आज शाम को हनुमान मंदिर में महाआरती उन की मौजूदगी में की गई। शनिवार को भाजपा नेता किरीट सोमैया भी मंदिर में गए और उन्होंने हनुमान जी का दर्शन किये। इसके बाद किरीट सोमैया ने उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी की, जिससे मंदिर परिसर में तनाव फैल गया। किसी तरह सुरक्षा रक्षकों ने किरीट सोमैया को सुरक्षित निकालकर उनके वाहन तक पहुंचाया।

दादर स्थित हनुमान मंदिर के ट्रस्टी प्रकाश कारखानिस ने बताया कि यह मंदिर 80 साल पहले पेड़ के नीचे हुआ करता था, जिसे कुलियों ने बनवाया था। मध्य रेलवे ने इस 80 साल पुराने हनुमान मंदिर को तोड़ने के लिए नोटिस जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि 7 दिन के अंदर मंदिर के ट्रस्टी इसे खुद तोड़ दें नहीं तो रेलवे इसे तोड़ देगा और इसका खर्च भी वसूला जाएगा। प्रकाश कारखानिस ने कहा कि फिलहाल हम इसके कानूनी पहलुओं पर बाद में गौर करेंगे, लेकिन उससे पहले मैं एक हिंदू के तौर पर इस मंदिर को बचाने की कोशिश करूंगा। हमारे पास बहुत सारे सबूत हैं। समय आने पर हम ये सबूत सामने लाएंगे।