गोवा में 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए प्रतिनिधियों का पंजीकरण शुरू
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2024 के लिए प्रतिनिधियों का पंजीकरण शुरू हो गया है। 55वां IFFI इस साल 20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। फिल्म प्रेमी अपना नाम पंजीकृत करने के लिए https://my.iffigoa.org/ पर लॉग इन कर सकते हैं। जहां फिल्म पेशेवर और सिनेमा प्रेमी एक हजार 180 रुपये का शुल्क देकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं, वहीं छात्रों को प्रतिदिन 4 टिकटों के भत्ते के साथ पैनल और स्क्रीनिंग तक मुफ्त पहुंच मिलती है। इच्छुक प्रतिनिधि https://my.iffigoa.org/ पर ‘My-IFFI’ अकाउंट बनाकर व्यक्तिगत डैशबोर्ड तक पहुंच सकते हैं, जहां वे टिकट बुक कर सकते हैं और महोत्सव का कार्यक्रम देख सकते हैं। किसी भी प्रश्न के मामले में, कोई भी registration@iffigoa.org पर ईमेल भेज सकता है ।
55वें IFFI में 16 चुनिंदा खंडों में विश्व स्तरीय फिल्में दिखाई जाएंगी, चाहे वह दिल को छू लेने वाले नाटक हों, रोमांचकारी वृत्तचित्र हों या अभिनव लघु फिल्में हों। IFFI में ‘फिल्म बाजार’, ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ और ‘सिने मेला’ के अलावा दिग्गज फिल्म निर्माताओं और उद्योग के पेशेवरों द्वारा कार्यशालाएं और मास्टर क्लास भी आयोजित की जाएंगी, जिससे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव नवोदित प्रतिभाओं और फिल्मों से जुड़ी हर चीज के लिए ‘वन स्टॉप शॉप’ बन जाएगा।
1952 में स्थापित, भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) एशिया के प्रमुख फिल्म महोत्सवों में से एक है। IFFI का आयोजन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा गोवा सरकार के सहयोग से प्रतिवर्ष किया जाता है।

