Mumbai

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बारे में शिवसेना विधायक का विवादित बयान

मुंबई, 16 सितंबर । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक विधायक संजय गायकवाड़ ने राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को ने 11 लाख रुपये इनाम की घोषणा की है। संजय गायकवाड़ की इस घोषणा से भाजपा ने किनारा कर लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि भाजपा इस घोषणा का समर्थन नहीं करती है। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय बडेट्टीवार ने संजय गायकवाड़ पर मामला दर्ज करने की मांग की है।

संजय गायकवाड़ ने कहा कि “राहुल गांधी जब वह विदेश में थे, तब उन्होंने कहा कि वह भारत में आरक्षण प्रणाली को खत्म करना चाहते हैं। इससे कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया है। हाल ही में अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने आरक्षण खत्म करने की बात कही थी। यह उस मानसिकता को दर्शाता है, जो स्वाभाविक रूप से आरक्षण के विरोध में है। मैं राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा।”

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शिवसेना विधायक की टिप्पणी को ‘बकवास’ बताया और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “ऐसी टिप्पणी करना कानून के खिलाफ है। अन्यथा, महाराष्ट्र की जनता आने वाले दिनों में आपको आपकी जगह दिखाएगी।”

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंडे ने कहा, “संजय गायकवाड़ समाज और राजनीति में रहने के लायक नहीं हैं। हम देखना चाहते हैं कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस गायकवाड़ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करते हैं या नहीं।”