MumbaiPopular

मुंबई-नासिक हाइवे पर गड्ढों से घंटों जाम, अजित पवार का आदेश भी फुर्र, अब SP नेता बोले- बंद हो टोल टैक्स वसूली

मुंबई-नासिक नैशनल हाइवे पर ट्रैफिक ज़ाम और गड्ढों की समस्या यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने अधिकारियों को इसे जल्दी हल करने का निर्देश दिया। विधायक रईस शेख ने टोल टैक्स बंद करने की मांग की और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने हाइवे का निरीक्षण किया।

भिवंडी : मुंबई-नासिक नैशनल हाइवे कहने को द्रुतगति महामार्ग है, लेकिन यहां की भारी ट्रैफिक ज़ाम ने इस महामार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। महज ढाई घंटे की दूरी को तय करने के लिए वाहनचालकों को सात से आठ घंटे का समय लग जाता है। मुंबई-नासिक महामार्ग से गुजरनेवाले वाहन चालकों और प्रवासी यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। बाहर से आने वाले वाहन चालकों का कहना है कि इस नैशनल हाइवे पर यात्रा करना मौत को झेलने जैसा है। बता दें कि मुंबई-नासिक नैशनल हाइवे को निजीकरण के माध्यम से विकसित किया गया है। इस हाइवे पर दो स्थानों पर टोल टैक्स भी हैं। पड़घा-अर्जुनली और नासिक घोटी पर वाहन चालकों से टोल वसूल किया जाता है। टोल वसूली के बावजूद इस हाइवे पर सुविधाएं नदारद हैं। राजमार्ग होने के बावजूद जगह-जगह बड़-बड़े गड्ढे दिखाई देते हैं। बरसात में ये गड्ढे जानलेवा हो जाते हैं। गड्ढों के बीच से गुजरते समय छोटे और बड़े वाहन तक बंद हो जाते हैं। हाइवे पर वाहनों के अचानक बंद हो जाने से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं और हाइवे पर लंबा ट्रैफिक ज़ाम भी लग जाता है।

सड़क हादसे के बाद नैशनल हाइवे पर लगने वाला ट्रैफिक ज़ाम वाहनचालकों के लिए सिरदर्द बन जाता है। दिन में भी भारी मालवाहक वाहनों से समस्या और भी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के साथ ही वाहनचालकों ने भारी ट्रैफिक ज़ाम से निजात पाने की गुहार प्रशासन से लगाई है, लेकिन न तो सड़क की मरम्मत ही की जा रही है और न ही गड्ढे भरे जा रहे हैं।