शुरुआती कारोबार,दबाव में घरेलू शेयर बाजार
नई दिल्ली। मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में आज दबाव में कारोबार होता नजर आ रहा है। बाजार की शुरुआत आज मामूली बढ़त के साथ हुई थी। शुरुआती कारोबार में मामूली खरीदारी भी हुई। लेकिन उसके बाद बिकवालों ने अपना दबाव बना दिया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ और निफ्टी 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी पोर्ट्स, बीपीसीएल, टाटा मोटर्स और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 6.76 प्रतिशत से लेकर 1.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, एलटी माइंडट्री, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.99 प्रतिशत से लेकर 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,043 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,233 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 810 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 32 शेयर हरे निशान में और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

