National

अखिल भारतीय संताली लेखक संघ के 36वें वार्षिकोत्सव में शामिल होने ओडिशा रवाना होंगी राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तीन दिन के ओडिशा दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे मयूरभंज और संबलपुर जिलों में विभिन्‍न कार्यक्रमों में हिस्‍सा लेंगी। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा के बारीपदा में अखिल भारतीय संताली लेखक संघ के 36वें वार्षिक सम्‍मेलन और साहित्‍य महोत्‍सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी।

 

राष्‍ट्रपति अपनी यात्रा के दौरान मयूरभंज जिले के कुलियाना में 87 नए एकलव्‍य आदर्श आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करेंगी। जिले के प्रत्‍येक ब्‍लॉक में ऐसा एक विद्यालय खोलने की योजना है। कुलियाना एकलव्‍य मॉडल आवासीय स्‍कूल परिसर का निर्माण करीब 12 एकड़ भूमि में किया है। एकलव्‍य मॉडल स्‍कूल भारत सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जिसका लक्ष्‍य जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। केंद्र सरकार ने 2019 में 452 एकलव्‍य स्‍कूलों की मंजूरी दी थी। कार्यक्रम में 50 प्रतिशत या अधिक जनजातीय आबादी वाले प्रत्‍येक ब्‍लॉक में एक विद्यालय खोलने का प्रावधान है।

 

यात्रा के दूसरे दिन राष्‍ट्रपति पहाड़पुर गांव में कौशल प्रशिक्षण केन्‍द्र का उद्घाटन करेंगी। बाद में वह बदामपहाड़ रेलवे स्‍टेशन जाएँगी और तीन नई रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाएँगी। वह राइरंगपुर डाक मंडल का उद्घाटन भी करेंगी और एक स्‍मारिका का आवरण जारी करेंगी।

 

राष्‍ट्रपति बादामपहाड़ रेलवे स्‍टेशन के पुनरोद्धार परियोजना की आधारशिला रखेंगी। राष्‍ट्रपति ओडिशा के बुरला में वीर सुरेन्‍द्र साई प्रौद्योगिकी विश्‍वविद्यालय के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।