National

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा करता है

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करता है। आतंकवाद को शान्ति और विकास का अवरोधक बताते हुए श्री बिरला ने वैश्विक शांति और समृद्धि का आह्वान किया। उन्‍होंने नई दिल्‍ली में एक संवाददाता सम्‍मेलन में कहा कि शांत और समृद्ध विश्‍व की स्‍थापना होनी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि सामूहिक निश्‍चय से आतंक के सभी स्रोतों को खत्‍म करना होगा।

श्री बिरला ने कहा कि हाल ही में सम्‍पन्‍न हुआ नई दिल्‍ली पी-20 सम्‍मेलन अब तक के ऐसे सम्‍मेलनों में सबसे अधिक सफल रहा। इसमें सर्वाधिक प्रतिनिधि मण्‍डलों ने हिस्‍सेदारी की। उन्‍होंने बताया कि जी-20 सदस्‍य देशों और 10 आमंत्रित देशों में से, एक देश को छोडकर, सभी ने इस सम्‍मेलन में हिस्‍सा लिया। उन्‍होंने कहा कि 29 देशों के प्रतिनिधि मण्‍डलों ने सम्‍मेलन में हिस्‍सा लिया। उन्‍होंने संतोष व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि नई दिल्‍ली पी-20 सम्‍मेलन में अभी तक सबसे ज्‍यादा हिस्‍सेदारी हुई। उन्‍होंने बताया कि अफ्रीकी संघ ने पहली बार पी-20 सम्‍मेलन में हिस्‍सा लिया। कुल चार सौ 36 प्रतिनिधि सम्‍मेलन में शामिल हुए।

श्री बिरला ने कहा कि सम्‍मेलन में कुछ देशों ने कृत्रिम बौद्धिकता और डाटा सुरक्षा के विश्‍वसनीय और उत्‍तरदायित्‍वपूर्ण प्रयोग पर जोर दिया।

लोकसभा अध्‍यक्ष ने बताया कि पी-20 देशों ने कानून के प्रारूप के लिए जानकारी बढाने पर एक समूह का गठन करने की सहमति जताई।