Business

लिवाली के सपोर्ट से शुरुआती कारोबार में उछला शेयर बाजार

नई दिल्ली, 05 सितंबर । कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में आज तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। लेकिन जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे बाजार में तेजी आई गई। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 43.46 अंक की बढ़त के साथ 65,671.60 के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने की वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में बिकवाली का मामूली झटका भी लगता रहा। इसके बावजूद सेंसेक्स की चाल लगातार मजबूत बनी रही। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 178.81 अंक की तेजी के साथ 65,800.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 35.85 अंक की मजबूती के साथ 19,564.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी को भी बाजार में खरीदारों का पूरा सपोर्ट मिला, जिसकी वजह से ये सूचकांक लगातार ऊपर चढ़ता गया। कारोबार के दौरान यदा कदा बिकवाली के झटके भी लगते रहे, लेकिन इस सूचकांक की चाल पर कोई असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद निफ्टी 49.85 अंक की तेजी के साथ 19,578.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार ने आज प्री ओपनिंग सेशन में मिली जुली शुरुआत की थी। सेंसेक्स 150.77 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 65,477.37 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा था। दूसरी ओर निफ्टी 25 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,553.80 अंक के स्तर पर बना हुआ था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानि सोमवार को सेंसेक्स 240.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 65,628.14 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी ने 93.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत उछल कर 19,528.80 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया

था।