Mumbai

‘यह महाराष्ट्र है, बिहार नहीं, जो बंदूक दिखाकर डरा दें’, महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का राज ठाकरे को जवाब

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) ने करारा जवाब द‍िया है। बावनकुल ने साफ कहा कि यह बिहार नहीं है, यह महाराष्ट्र है। हम किसी नेता के सिर पर बंदूक नहीं रखते। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी जीत के सभी रिकॉर्ड को तोड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पिछले 9 साल में किए गए विकास कार्य से देश की जनता बहुत खुश है।

राज ठाकरे ने क्‍या कहा?

दरअसल बुधवार को राज ठाकरे ने अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बीजेपी पर आरोप लगाया था कि वह कनपटी पर बंदूक लगाकर लोगों को अपने पास बुलाती है। बीजेपी के साथ आने वाले लोग गाड़ी में छुपकर जाते हैं। राज ने यहां तक कहा कि बीजेपी के सुर बदल गए हैं।

‘राज ठाकरे के आरोपों में कोई दम नहीं’

राज ठाकरे के बयान के बारे में गुरुवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज ठाकरे के आरोपों में कोई दम नहीं है। हम किसी के साथ जोर-जबरदस्ती नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी नेता के सिर पर बंदूक नहीं रखते। यह कोई बिहार नहीं है। यह महाराष्ट्र है। जब तक आप लोगों के मन को नहीं छुएंगे, तब तक उनके मन में परिवर्तन नहीं होगा।

उद्धव और शरद पवार पर भड़के

उन्होंने कहा कि शरद पवार ने फडणवीस के लिए कहा, लेकिन आखिर उनके साथ क्या हाल हुआ। उद्धव ठाकरे के साथ क्या हुआ। दोनों के साथ उनके ही लोगों ने क्या किया, यह सब पूरा देश देख रहा है। शरद पवार को तारीफ करनी चाहिए कि देवेंद्र फडणवीस पार्टी के लिए समर्पित हैं, जो लोग सिर्फ अपने ही बारे में सोचते हैं, उनकी ही पार्टियां टूटती हैं।

दो राज्यों का दौरा

तेलंगाना और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाबत बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र बीजेपी के 78 विधायक 7 दिनों तक दोनों राज्यों का दौरा करेंगे। सभी विधायकों को एक-एक जिले की जिम्मेदारी दी गई है।

बीजेपी शुरू करेगी घर चलो अभियान

गुरुवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले ने कहा कि बीजेपी घर चलो अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत वे 20 अगस्त से राज्यव्यापी दौरा करेंगे।