‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शाह ने फहराया तिरंगा
नई दिल्ली, 14 अगस्त। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी भी साझा की।
शाह ने ट्वीट कर कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले आकाश में फहराते करोड़ों तिरंगे भारत को फिर से महान बनाने की देश की संयुक्त इच्छाशक्ति का प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभर में चल रहा है।
उन्होंने भारत के सभी नागरिकों से निवेदन करते हुए कहा कि वे भी अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और इसे हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड करें। शाह ने सभी से अपने साथी नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया है।

