डीडीए के अफसरों को भेजे एलजी के नाम से मैसेज, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली:- दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के नाम से दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारियों को मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। आरोपी ने मैसेज में न तो कोई जानकारी मांगी और न ही कोई अन्य बात की। ऐसे में आरोपी के मैसेज भेजने का उद्देश्य अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। दक्षिण जिले की साइबर थाना पुलिस ने डीडीए के अधिकारियों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि व्हाट्सएप की ओर से का कोई जवाब नहीं दिया है। दिल्ली पुलिस व्हाटसएप को तीन रिमाइंडर भी भेज चुकी है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने उपराज्यपाल का फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बना रखा था। उसने व्हाट्सएप पर उपराज्यपाल की फोटो डीपी में लगा रखी थी।
आरोपी जालसाज ने 23 जून को डीडीए के वरिष्ठ अधिकारी को मैसेज भेजे। उसने मैसेज में लिखा कि हैलो, कैसे हो और अभी इस समय कहां हो। इसके बाद उसने मैसेज भेजा कि वह उपराज्यपाल श्री वीके सक्सेना बोल रहा है। आरोपी ने तीन से चार मैसेज भेजे। इसके बाद उसने दो से तीन व्हाट्सएप कॉल की। जालसाज ने जब मैसेज में श्री लिखा तो उससे अधिकारियों को संदेह हो गया। इसके बाद डीडीए के सतर्कता विभाग की ओर से दक्षिण जिला पुलिस को शिकायत दी गई। साइबर थाना पुलिस ने 25 मई को एफआईआर दर्ज की। साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार वर्मा की देखरेख में इंस्पेक्टर हंसाराम मामले की जांच कर रहे हैं।
अमर उजाला

