करीबी मुकाबले में राजस्थान पैट्रियट्स ने गर्वित गुजरात को एक अंक से हराया
जयपुर, 21 जून । धीमी शुरुआत के बावजूद राजस्थान पैट्रियट्स ने मंगलवार रात खेले गए प्रीमियर हैंडबॉल लीग के पहले सीजन के एक करीबी मुकाबले में गर्वित गुजरात को 32-31 से हराया।
हार के बावजूद गर्वित गुजरात के पास अभी भी सेमीफाइनल में जगह बनाने का मौका है। दूसरी ओर, राजस्थान पैट्रियट्स ने प्रीमियर हैंडबॉल लीग के अगले चरण के लिए अपना स्थान पहले ही बुक कर लिया है। दोनों टीमों ने फ्रंट फुट पर मैच की शुरुआत की। मोहित घनघस, तरुण ठाकुर और शुजा उर रहमान ने गुजरात को तेज शुरुआत दी, जबकि पैट्रियट्स के दमिर्टी किरीव, मोहित घनघस और हरदेव सिंह ने सुनिश्चित किया कि उनकी टीम गुजरात द्वारा दिए गए झटके की बराबरी कर ले। हरेंद्र सिंह और कप्तान अविन खटकर की बदौलत गुजरात मैच में शुरुआती बढ़त बनाने में सफल रहा। 15वें मिनट तक स्कोर गर्वित गुजरात के पक्ष में 9-5 हो गया था।
राजस्थान पैट्रियट्स के हेड कोच चंद्र सिंह ने मैच पर नियंत्रण के लिए अर्जुन लाकड़ा को मैदान में उतारा। लाकड़ा और मोहित घनघस बेहतर काम्बीनेशन के साथ खेल रहे थे। इन दोनों ने धीरे-धीरे राजस्थान को मैच में वापस ला दिया। हालांकि, गुजरात अटैक में उग्र था। अविन खटकर, तरुण ठाकुर और हरेंद्र सिंह नैन अपने प्रयासों से सुनिश्चित कर रहे थे कि उनकी टीम अपनी बढ़त बनाए रखे। हाफ टाइम तक स्कोर गर्वित गुजरात के पक्ष में 18-14 हो गया था।
राजस्थान पैट्रियट्स ने दूसरे हाफ की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। मोहित घनघस, अमरिंदर सिंह और हरदेव सिंह राजस्थान की टीम को आगे बढ़ने की ताकत दे रहे थे। अतुल कुमार भी अपना क्लास दिखा रहे थे। उन्होंने अपनी टीम को मैच में बनाए रखने के लिए अपने ही पाले से बैक-टू-बैक दो गोल किए। अविन खटकर और मोहित घनघस गुजरात के लिए लगातार नेट के पीछे जगह खोजने में सफल हो रहे थे। राजस्थान ने 40 वें मिनट के स्कोर की बराबरी कर ली थी। उस समय स्कोर 22-22 था। वहां से दोनों टीमें बहुत ही जोरदार अंदाज में आमने-सामने थीं और एक दूसरे के खिलाफ नियमित रूप से वार कर रही थीं। 5वें मिनट तक गुजरात ने एक गोल की बढ़त बना रखी थी। स्कोर 24-23 से उनके पक्ष में था लेकिन उनकी बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रही। अतुल कुमार ने राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण बचाव करना शुरू कर दिया, जबकि हरदेव सिंह अटैक में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस दिखा रहे थे। इस तरह राजस्थान की टीम बढ़त में आ गई थी। मैच के अंतिम 10 मिनट में स्कोर फिर से बराबर हो गया। कारण यह था कि गुजरात के लिए हरेंद्र सिंह नैन ने गोल किया।
खेल के 55वें मिनट तक स्कोर 28-28 हो गया था। हालांकि राजस्थान की टीम सुमित कुमार और मनीष मलिक की मदद से एक अंक की बढ़त बनाने में सफल रहे। खेल के अंतिम मिनट में स्कोर राजस्थान पैट्रियट्स के पक्ष में 31-30 हो गया था। पैट्रियट्स किसी तरह अपने 1-गोल की बढ़त को बनाए रखने में कामयाब रहे और फिर अंत में 32-31 के स्कोर के साथ विजेता बने।
गर्वित गुजरात के कप्तान 7 गोल के साथ मैच में अपनी टीम के लिए शीर्ष स्कोरर रहे जबकि अमिंदर सिंह इस मैच में 7 गोल के साथ राजस्थान पैट्रियट्स के लिए शीर्ष स्कोरर रहे। राजस्थान पैट्रियट्स के अमिंदर सिंह को मैच का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी घोषित किया गया।

