Mumbai

अहमदनगर जिले के शेवगांव में दो गुटों के बीच पथराव, 50 हिरासत में

मुंबई, 15 मई। अहमदनगर जिले के शेवगांव में रविवार रात को छत्रपति संभाजी महाराज जयंती जुलूस के दौरान दो गुटों में पथराव होने से 4 लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। सोमवार को इस मामले में तकरीबन 50 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस विवाद को राजनीति प्रायोजित दंगे बताते हुए कहा कि अहमदनगर में स्थिति नियंत्रण में है। किसी भी दंगाई को छोड़ा नहीं जाएगा, कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार शेवगांव में रविवार को छत्रपति संभाजी महाराज जयंत के मौके पर जुलूस निकाला जा रहा था। छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर कुछ लोगों ने जुलूस पर पथराव शुरू कर दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई और दूसरे गुट ने भी पथराव शुरू कर दिया। हंगामे के चलते व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। भीड़ ने वाहनों पर भी पथराव किया और बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की।

इस घटना को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक राकेश ओला, नासिक क्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक बीजी शेखर मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सोमवार सुबह शेवगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है और 50 लोगों को हिरासत में लिया गयाृ है।